जब वजन घटाने की बात होती है, तो लोग सबसे पहले यह सोचते हैं कि उन्हें क्या खाना चाहिए। लेकिन एक जरूरी सवाल अक्सर नजरअंदाज हो जाता है – खाना कब खाना चाहिए? खासकर डिनर यानी रात के खाने का समय आपके मेटाबॉलिज्म, नींद और वजन पर बड़ा असर डालता है।
डॉ सुरेंद्र कुमार, एमबीबीएस, जनरल फिजिशियन, नई दिल्ली के मुताबिक रात 7 बजे खाना खाने से शरीर को पर्याप्त समय मिलता है पाचन के लिए, जिससे फैट कम जमता है। दूसरी ओर, अगर आप रात 9 बजे या उससे बाद में खाना खाते हैं, तो वह शरीर में फैट के रूप में स्टोर हो सकता है। ऐसे में वजन घटाना और भी मुश्किल हो जाता है।
नई रिसर्च का मानना है कि देर रात खाने से न सिर्फ मोटापा बढ़ता है, बल्कि ब्लड शुगर लेवल, हार्मोन बैलेंस और नींद की गुणवत्ता पर भी बुरा असर पड़ सकता है। Photo Credit:(canva)
डिनर टाइम का मेटाबॉलिज्म पर असर

जब आप जल्दी खाना खाते हैं, तो शरीर को उसे पचाने और एनर्जी में बदलने के लिए पर्याप्त समय मिलता है। क्यों जरूरी होता है शरीर का मेटाबॉलिज्म ? मेटाबॉलिज्म यानी शरीर की ऊर्जा बनाने की प्रक्रिया रात में धीमी हो जाती है। ऐसे में अगर आप 9 बजे या उसके बाद खाना खाते हैं, तो भोजन अच्छी तरह नहीं पचता और फैट के रूप में स्टोर हो सकता है। वहीं 7 बजे तक खाना खा लेने से शरीर रात भर के लिए तैयार हो जाता है और फैट बर्निंग भी बेहतर होती है। इसलिए अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो डिनर टाइम को गंभीरता से लें।
लेट नाइट डिनर से बढ़ता है वजन

रात में देर से खाना खाने की आदत आपके वजन को तेजी से बढ़ा सकती है। लेट डिनर करने से शरीर सोने से ठीक पहले खाना पचाने की कोशिश करता है, जोकि मेटाबॉलिज्म को बाधित करता है। इससे ब्लड शुगर असंतुलन, एसिडिटी और पेट भारी ,लटका पेट होने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। देर रात का खाना नींद की गुणवत्ता को भी प्रभावित करता है, जिससे अगले दिन थकान और आलस्य बढ़ जाता है। इन सभी कारणों से वजन घटाने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है।
डिनर का सही समय क्या होना चाहिए?

विशेषज्ञों की मानें तो डिनर का आदर्श समय सोने से 2 से 3 घंटे पहले होना चाहिए। उदाहरण के तौर पर, अगर आप रात 10 बजे सोते हैं, तो आपको 7 बजे तक खाना खा लेना चाहिए। इस दौरान हल्का और संतुलित भोजन करना ज्यादा फायदेमंद होता है। खाने के बाद थोड़ी देर टहलना या हल्का फिजिकल मूवमेंट करने से पाचन प्रक्रिया को मजबूती मिलती है और शरीर रातभर अच्छे से डिटॉक्स कर पाता है। सही समय पर डिनर करने से वजन घटाने की रफ्तार भी बढ़ती है।
जल्दी डिनर करने के अन्य फायदे

वजन कम करने के अलावा जल्दी डिनर करने से कई अन्य फायदे भी मिलते हैं। यह हार्मोन बैलेंस को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे आपकी नींद बेहतर होती है और अगला दिन तरोताजा महसूस होता है। साथ ही, ब्लड शुगर लेवल भी नियंत्रित रहता है, जो डायबिटीज के जोखिम को कम करता है। जल्दी डिनर करने से पेट हल्का रहता है और सुबह भूख भी सही समय पर लगती है। इन सभी कारणों से आपकी जीवनशैली स्वस्थ बनती है।
देर से खाने की आदत कैसे छोड़ें?

अगर आप देर से खाने के आदी हैं, तो अपनी दिनचर्या में थोड़ा-थोड़ा बदलाव करना शुरू करें। सबसे पहले दिन का नाश्ता और दोपहर का खाना समय पर लें, ताकि रात तक ज्यादा भूख न लगे। ऑफिस से जल्दी निकलने की योजना बनाएं और डिनर को परिवार के साथ मिलकर समय पर करें। शुरुआत में आप 9 बजे से 8:30, फिर 8 तक लाकर धीरे-धीरे 7:30 या 7 बजे कर सकते हैं। ये आदत धीरे-धीरे वजन घटाने में बड़ा बदलाव ला सकती है।
वजन घटाने के लिए डिनर में क्या खाना चाहिए?

डिनर हल्का, पौष्टिक और कम कैलोरी वाला होना चाहिए। आप इसमें सब्जी, दाल, रोटी, सूप, सलाद या खिचड़ी जैसे विकल्प चुन सकते हैं। प्रोसेस्ड फूड, डीप फ्राइड आइटम्स और मिठाई से परहेज करें। रात के खाने में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा ज्यादा होनी चाहिए, जिससे आपको देर तक भूख न लगे और नींद भी अच्छी आए। साथ ही, खाना खाने के तुरंत बाद सोने से बचें और कुछ देर वॉक पर जरूर जाएं। ये सभी आदतें वजन घटाने में तेजी लाती हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है । यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें। एनबीटी इसकी सत्यता, सटीकता और असर की जिम्मेदारी नहीं लेता है।