Please enable javascript.मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी से पूछा-आपने क्यों राज्य को उसके हाल पर छोड़ दिया? - manipur violence priyanka gandhi attacks pm modi why is the state left to its fate - Hindi News Navbharat Times

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी से पूछा-आपने क्यों राज्य को उसके हाल पर छोड़ दिया?

Curated by: वरुण शैलेश|नवभारतटाइम्स.कॉम

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मणिपुर के हालात पर केंद्र सरकार को घेरा है, सवाल किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को उसके हाल पर क्यों छोड़ा है। मणिपुर में जातीय हिंसा से सैकड़ों लोग मारे गए और हजारों बेघर हुए हैं।

Priyanka Gandhi on Manipur violence
(फोटो- नवभारतटाइम्स.कॉम)
नई दिल्लीः कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मणिपुर के हालात को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मोदी सरकार से सवाल करते हुए कहा कि मणिपुर हिंसा की चपेट में है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को उसके हाल पर क्यों छोड़ दिया है? प्रियंका गांधी का यह बयान मणिपुर में रविवार को फिर से हिंसा भड़कने के मद्देनजर आया है। हिंसा के बाद राज्य के पांच जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

प्रियंका गांधी ने रविवार को X पर लिखा, मणिपुर एक बार फिर से हिंसा की चपेट में है। करीब दो साल से राज्य के लोग हिंसा, हत्या, बलात्कार और पलायन झेल रहे हैं। सैकड़ों मौतें हो चुकी हैं, हजारों लोग बेघर हैं। आखिर क्या कारण है कि केंद्र का शासन होने के बावजूद वहां शांति बहाली नहीं हो पा रही है?'

प्रियंका गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी ने मणिपुर को उसके हाल पर क्यों छोड़ दिया है? आज तक न वे मणिपुर गए, न राज्य के किसी प्रतिनिधि से मिले,न कभी शांति की अपील की और न ही कोई ठोस प्रयास किया। यह संवेदनहीन और गैर-जिम्मेदार रवैया किसी लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री जी की जिम्मेदारी है कि वे देशवासियों के लिए शांति-सुरक्षा सुनिश्चित करें। इससे पीछे हटना अपने कर्तव्य से मुंह मोड़ना है।'

गौरतलब है कि मणिपुर में मैतेई संगठन अरम्बाई टेंगोल के नेता करन सिंह को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर 2023 में हिंसा भड़काने के आरोप है। इनकी गिरफ्तारी की खबर फैलने के बाद शनिवार देर रात मणिपुर में हिंसा भड़क गई। बताया जा रहा है कि शनिवार को राजधानी इंफाल के कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में आग लगा दी, सड़कों पर टायर और पुराने फर्नीचर भी जलाए। सुरक्षाबलों पर पथराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल डालकर खुद को जलाने की भी कोशिश की। प्रशासन ने 7 जून की रात 11:45 बजे से पांच दिनों के लिए 5 जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सर्विस सस्पेंड कर दी है। इनमें इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर शामिल हैं। इंफाल ईस्ट और बिष्णुपुर में कर्फ्यू भी लगाया गया है।


अब तक जातीय हिंसा में 260 से अधिक की मौत

बता दें कि मणिपुर में मेइती और कुकी दो समुदायों के बीच मई 2023 से जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं। केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।
वरुण शैलेश
लेखक के बारे में
वरुण शैलेश
वरुण शैलेश NBT डिजिटल में असिस्टेंट न्यूज एडिटर हैं। उन्हें इंटरनेशनल रिलेशन,सोशल इश्यूज, फूड और कल्चर पर लिखना पसंद है। इससे पहले वह दैनिक भास्कर डिजिटल, आजतक डॉट इन में काम कर चुके हैं। 2009 में न्यूज एजेंसी IANS से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हिंदुस्तान और दैनिक जागरण जैसे अखबारों के सेंट्रल डेस्क पर रहे। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, वाराणसी से ग्रेजुएशन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC), नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद जर्नलिज्म में एक्टिव हैं। वह मानते हैं कि खाना बनाने का शौक इंसान को संवेदनशील और लोकतांत्रिक बनाता है।... और पढ़ें
कन्वर्सेशन शुरू करें

अगला लेख

Indiaकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर